गोंडा। पिछले चार दिनों से बारिश न होने के कारण भीषण गर्मी फिर परेशान करने लगी है। सुबह 9 बजे ही चटख धूप सता रही है। उमस व चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर में घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। रविवार की छुट्टी के कारण जिले की प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखा। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।
प्रदेश में मानसून के आगमन के साथ ही जिले में पिछले सप्ताह लगातार हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। लोगों को कुछ राहत मिली थी। हालांकि बारिश की वजह से मिला यह सुकून ज्यादा दिन तक नहीं रहा। पिछले चार दिनों से बारिश न होने के कारण गर्मी बढ़ गई है। हालांकि कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी हुई है लेकिन इससे राहत की जगह उमस बढ़ गई है। चिपचिपी गर्मी का असर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह और शाम के समय जहां बाजारों में कुछ चहल-पहल रहती है, वहीं दोपहर के समय दुकानों पर ग्राहकों की संख्या काफी कम हो जाती है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, ठेला चालकों और श्रमिकों पर पड़ रहा है।
पिछले एक सप्ताह का तापमान
तिथि- अधिकतम- न्यूनतम
05 जुलाई-39-31
04 जुलाई- 39- 27
03 जुलाई- 34- 28
02 जुलाई- 31- 26
01 जुलाई- 32 - 28
30 जून- 39- 29
29 जून- 36- 28
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है।