गोंडा। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे स्थित स्कूलों में अब सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शिक्षा और परिवहन विभाग मिलकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देंगे ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, रैली, नुक्कड़ नाटक और विशेष कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। बच्चों को सड़क पार करने के सही तरीके, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, यातायात संकेतों की पहचान और तेज रफ्तार से होने वाले खतरों के बारे में बताया जाएगा।
एआरटीओ आरसी भारतीय ने बताया कि यदि बच्चों को स्कूली स्तर पर ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए तो वे न केवल खुद सुरक्षित रहेंगे, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेंगे। यह अभियान बच्चों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो सकता है। शिक्षकों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।