करनैलगंज। सरयू नदी का जलस्तर खतरे की निशान की ओर बढ़ रहा है। इससे तटीय क्षेत्रों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, एल्गिन-चरसड़ी तटबंध और मैदानी इलाकों तक अभी पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन लगातार हो रही बढ़ोतरी से बाढ़ कार्य खंड के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को सरयू का जलस्तर खतरे के निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 104.22 मीटर था। मंगलवार को इसमें वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार सुबह जलस्तर 104.52 मीटर था, जो शाम चार बजे बढ़कर 104.67 मीटर पहुंच गया। सोमवार से मंगलवार के बीच जलस्तर में 45 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए नदी के कछार में बसे गांवों के लोग भी उतार-चढ़ाव पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ कार्य खंड के अधिशासी अभियंता जय सिंह ने बताया कि जलस्तर बढ़ रहा है, लेकिन पानी तटबंध से काफी दूर है। अभी कोई खतरा नहीं है। (संवाद)