गोंडा। सरयू नदी का जलस्तर मंगलवार को पूरे दिन स्थिर रहा। खतरे के निशान से आठ सेंटीमीटर ऊपर नदी का जलस्तर ठहरा है।
सोमवार को ग्राम बहुवन मदार माझा के पास जहां पहले नदी खाली पड़ी जमीन को काट रही थी उस स्थान से 200 मीटर दूर दूसरे स्थान पर कटान करने लगी है। हालांकि वहां नदी और बांध की दूरी करीब 300 मीटर बताई जा रही है। बहुवन मदार माझा के पास दो जगह संवेदनशील स्थान बन गया है। जहां नदी और बांध के बीच की दूरी मात्र 100 मीटर बची है। ऐसे में तटबंध की सुरक्षा के लिए बोल्डर डाले जा रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ ग्राम नकहरा में सोमवार को बाढ़ का पानी घुसने लगा था, जो अब थम गया है।
उपजिलाधिकारी भारत भार्गव, तहसीलदार मनीष कुमार, नायब तहसीलदार अल्पिका वर्मा बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गौरा सिंहपुर बाढ़ चौकी को अति संवेदनशील घोषित करते हुए अलर्ट मोड पर रखा गया है। जहां राजस्व विभाग के कर्मचारी मुस्तैद हैं। तहसीलदार मनीष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को राशन और भोजन के पैकेट का वितरण किया गया है। गांव में बाढ़ की स्थिति नहीं है। बहुवन के ग्राम प्रधान ध्रुवराज ने बताया कटान काफी तेज है।