परसा गोड़री बटपुरवा में सरयू नहर के तेज बहाव से कटी सड़क पर प्रबंध करते ग्रामीण। - संवाद
गोंडा। सरयू नहर खंड-1 की नहर परसा गोड़री बटपुरवा के पास कट गई। इससे सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न होने के साथ ही पानी के तेज बहाव से सड़क भी कट गई। पक्की सड़क कटने से कई गांवों के लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। मगर सूचना के बावजूद सिंचाई, नहर अथवा बाढ़ खंड के विभागीय अफसर मौके पर नहीं पहुंचे।
नहर कटने से आसपास के खेतों में पानी भर गया है। मक्का, धान, उरद और अरहर की फसल डूब गई है। सरयू नहर खंड-प्रथम तेज बहाव होने के कारण मुख्य मार्ग की पक्की सड़क करीब दस मीटर कट गई है। इससे आसपास के खेतों में पानी भर गया है। सड़क कटने से लोगों को चक्कर काटकर दूसरे रास्ते से जाना पड़ रहा है। प्रशासन और विभागीय उदासीनता पर किसानों ने नाराजगी जताई है।
किसान राहुल तिवारी, नीतीश और गोपाल ने बताया कि नहर की मरम्मत नहीं होती है। जब भी नहर में पानी छोड़ा जाता है, नहर कटकर फसल चौपट कर देती है। सड़क कटने से एक दर्जन गांव के लोगों का रास्ता बंद हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के अभियंता मौके झांकने तक नहीं आए। जबकि उन्हें सुबह ही सूचना दे दी गई थी।