जीआईसी में विजयी छात्रों को पुरस्कृत करते डीआईओएस डॉ. रामचंद्र। -संवाद
गोंडा। शहर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन मैदान से लेकर मंच तक विद्यार्थियों की प्रतिभा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक व शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी मेधा का परिचय दिया।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने विजेताओं को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। निबंध प्रतियोगिता में संतोष यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शुभम को द्वितीय व अरविंद जायसवाल को तृतीय स्थान मिला। पोस्टर प्रतियोगिता में केवल दो प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें लकी गुप्ता ने प्रथम व वंश सोनी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। नृत्य में निखिल मिश्र की टीम विजयी रही। बैडमिंटन में अरहम जमाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। रस्साकसी में देवांश तिवारी की टीम ने बाजी मारी।
कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह आयोजित कर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्रों को विदाई दी गई। इस अवसर पर जीआईसी के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार सिंह, सहदेव सिंह, राम नगीना यादव, ऋषि शुक्ल, राजवर्धन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।