नगर के तुलसी पार्क मोहल्ला निवासी ब्रिगेडियर संजय कुमार राव को भारतीय सेना में मेजर जनरल पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई है। संजय कुमार राव जिले के पहले व्यक्ति हैं जिन्हें भारतीय सेना में मेजर जनरल का पद हासिल हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर जनपदवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। नगर के प्रबुद्धजनों ने उन्हें बधाई दी है।
तुलसी पार्क निवासी झारखंडी मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अनिरुद्ध राव के बड़े बेटे संजय कुमार राव को वर्ष 1983 में भारतीय सेना की सिख रेजीमेंट की 20वीं बटालियन में कमीशन प्राप्त हुआ था। 33 साल के सैन्य सेवाकाल में संजय देश की सभी सीमाओं पर तैनात रहे।
वर्ष 2002 से 2005 तक वह सिख रेजीमेंट की 20वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर रहे। 2011 से 2012 तक उन्होंने सियाचिन ब्रिगेड की कमांड संभाली। ब्रिगेडियर संजय कुमार राव को चार बार कमांडर इन चीफ की तरफ से प्रशंसा पत्र मिलने के साथ-साथ उन्हें अदम्य साहस, वीरता व कुशल नेतृत्व के लिए वर्ष 2013 में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा युद्ध सेवा मेडल भी मिल चुका है।
मौजूदा समय वह ब्रिगेडियर प्रशासन नेशनल डिफेंस एकेडमी पुणे में तैनात हैं। ब्रिगेडियर संजय कुमार के भाई विनोद राव ने बताया कि भारतीय सेना में उन्हें अब मेजर जनरल पद पर पदोन्नति दी गई है। संजय के मेजर जनरल बनने पर परिवारीजनों के साथ-साथ अनुज सिंह, सोमेंद्र विक्रम सिंह, प्रो. नागेंद्र सिंह, अजीत प्रताप सिंह, कुलदीप आदि ने उन्हें बधाई दी है।