गोंडा। मेडिकल कॉलेज के सफाईकर्मियों को अगस्त से मानदेय नहीं दिया गया है। कर्मियों ने 21 अक्तूबर तक मानदेय नहीं मिलने पर 22 से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिथुन वाल्मीकि व प्रदेश सचिव राजू वाल्मीकि कोहिनूर ने सीएमएस को मांगपत्र देकर मानदेय दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येह माह की पांच तारीख तक नियमित रूप से मानदेय भुगतान का निर्देश है। इसके बाद भी समय से मानदेय नहीं दिया जाता। उन्होंने सेवा प्रदाता एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, वेतन पर्ची, भुगतान का विवरण व लागू वेतन वृद्धि का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने की मांग की। कर्मियों ने कहा कि अल्प मानदेय में किसी तरह से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस समय मानदेय न मिलने से वह लोग आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी का कहना है कि जल्द ही मानदेय का भुगतान कराया जाएगा। (संवाद)