गोंडा। आबकारी व पुलिस की संयुक्त टीम ने चरसड़ी गांव में स्थित देशी शराब की दुकान पर छापा मारा। छापे के दौरान टीम ने सेल्समैन को शराब में मिलावट करते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने सेल्समैन को गिरफ्तार कर लाइसेंसी व सेल्समैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रभारी आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रभारी निरीक्षक थाना परसपुर सुधीर कुमार सिंह की टीम के साथ चरसड़ी स्थित देशी शराब की दुकान में छापा मारा। छापे के दौरान सेल्समैन देशी शराब की शीशी में मिलावट करते पकड़ा गया।
वहां एक ब्रांड का 200 एमएल का 18 पौव्वा, 22 नकली क्यूआर कोड, सात ढक्कन, एक सिरिंज बरामद किया गया। बताया कि सेल्समैन सिरिंज के माध्यम से पव्वों की पेंदी में छेद करके उससे शराब निकाल कर खाली पौव्वों में भर देता था और शराब निकालने के बाद शीशी में सिरिंज से ही पानी मिला देता था।
जिससे शराब की शीशी में शराब कम हो जाती थी। निकाली गई शराब को अगल शीशी में भरकर उसे बेचकर पैसा कमाता था। आबकारी निरीक्षक के मुताबिक सेल्समैन शराब निकालने के बाद पौव्वों में छेद को लाइटर से गर्म कर हाथ से दबाकर बंद कर देता था।
बताया कि सेल्समैन ने खुलासा किया कि दुकान के अनुज्ञापी की सहमति से वह मिलावट करता था। प्रभारी आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह ने सेल्समैन श्रवण कुमार निवासी महुवर, भभुआ, करनैलगंज व अनुज्ञापी पुष्पा देवी पत्नी कृष्ण देव मिश्रा निवासी मोहना के खिलाफ जालसाजी व आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।