गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के पोर्टरगंज स्थित कंपोजिट बीयर व अंग्रेजी शराब की दुकान पर बुधवार देर रात नशे में धुत सेल्समैन व अन्य ने जमकर उत्पात मचाया। पहले एक युवक की पिटाई कर दी। बाद में सीसीटीवी का डीवीआर पहुंचे एससीपीएम चौकी के मुख्य आरक्षी सभाजीत को लात-घूसों से जमकर पीटा। पुलिस ने केस दर्ज कर सेल्समैन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित मुख्य आरक्षी सभाजीत के अनुसार बुधवार रात 08:45 बजे पोर्टरगंज स्थित कंपोजिट बीयर व अंग्रेजी शराब की दुकान पर विवाद की सूचना मिली थी। इस पर एससीपीएम चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को वहां से हटा दिया। बाद में एक पक्ष ने मारपीट शिकायत की। इस पर चौकी प्रभारी ने उन्हें शराब की दुकान से सीसीटीवी का डीवीआर लाने के लिए भेजा। वह कोबरा मोबाइल बाइक से शराब की दुकान पर पहुंचे तो सेल्समैन डीवीआर देने से आनाकानी करने लगा। कहासुनी होने पर मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि देहात कोतवाली के मझौवा चंदवापुर सेल्समैन विनय तिवारी ने अपने भाई विजय तिवारी व कौड़िया बाजार के नागेंद्र नारायण व तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर गालीगलौज की। फिर सभी ने मुख्य आरक्षी की लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। इससे उन्हें चोटें आई हैं।
इंस्पेक्टर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि पीड़ित मुख्य आरक्षी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की भी पहचान करके गिरफ्तारी की जाएगी। सीओ सिटी आनंद कुमार राय मामले की छानबीन कर रहे हैं।
भीड़ ने बचाई जान
पीड़ित मुख्य आरक्षी सभाजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों ने उनकी सरकारी गाड़ी की चाबी निकाल ली। वर्दी में होने के बावजूद गाली-गलौज करते हुए बुरी तरह से पीटा। भीड़ ने किसी तरह से छुड़ाकर जान बचाई।