गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर लोक निर्माण खंड प्रथम, द्वितीय एवं प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता तथा नगर पंचायत मनकापुर, धानेपुर एवं बेलसर के अधिशासी अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने पौधरोपण अभियान के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्व पूरा करने को कहा है। साथ ही गड्ढा खोदाई, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई की व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी उपाय पहले से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) एवं एनएचएआई को भी निर्धारित स्थलों पर सघन पौधरोपण कराने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका एवं नगर पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर को शीघ्र तैयार कराकर संचालन कराएं।
सीडीओ अंकिता जैन, प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, एसडीओ वन विभाग सुदर्शन, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।