जिले की चारों तहसीलों में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। मनकापुर में मुख्य राजस्व अधिकारी तो तरबगंज में एसडीएम राम संजीवन मौर्य की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। तरबगंज में तहसील दिवस में न आने पर एसडीएम ने 14 अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन काटने की संस्तुति डीएम को भेजी है, जबकि मनकापुर में कुल 141 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया। कुछ अधिकारियों के नदारद होने पर सीआरओ ने कड़ी नाराजगी जताई।
एसडीएम तरबगंज राम संजीवन ने बताया कि तहसील दिवस में सीडीपीओ नवाबगंज रमा सिंह, बेलसर की वंदना, तरबगंज की सुषमा गांधी, तरबगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश, सहायक अभियंता नलकूप एससी पांडेय, अवर अभियंता सिंचाई पीके सिंह, पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार, थानाध्यक्ष वजीरगंज दुर्गेश कुमार सिंह सहित वजीरगंज, तरबगंज व नवाबगंज के एडीओ पंचायत व एडीओ कृषि नदारद रहे। इन सभी का वेतन काटने की संस्तुति डीएम को भेजी गई है।
वहीं, मनकापर में मंगलवार को सीआरओ अरुण कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में डीएम व एसपी के न पहुंचने से फरियादी मायूस दिखाई दिए।
बैरीपुर रामनाथ में स्थित प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका राजनी मिश्रा ने दर्जनों छात्र-छात्राओं के साथ तहसील दिवस में शिकायत की की विद्यालय में सहायक अद्यालक के पद पर तैनात अखिलेश चतुर्वेदी विद्यालय में देर से आते है और बच्चों को पीटते हैं और पठन-पाठन में बाधा पहुंचाते है। विद्यालय की रसोइया से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। जिसकी शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से की गई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
भरौटिया उपाध्यायपुर ग्रन्ट की रहने वाली रामावती ने गांव की 15 महिलाओं के साथ तहसील दिवस में ग्राम सभा के कोटेदार शिव किशोर की शिकायत की है कि कोटेदार राशन का वितरण नहीं करते हैं। तहसील दिवस में 141 शिकायतें आईं और उनमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।