जिले के राजकीय इंटर कॉलेज में इटावा के सैफई भदेई से मुलायम सिंह यादव इंटर कॉलेज से मूल्यांकन के लिए इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं आई हुई हैं। यहां अंग्रेजी विषय की कई उत्तर पुस्तिकाओं में 100-100 रुपये तथा 50-50 रुपये के नोट निकले।
ये रुपये पिन लगाकर कॉपियों के बीच में रखे गए थे। यह हाल मुख्यमंत्री के गांव स्थित उनके पिता के नाम से बने कॉलेज का है तो फिर अन्य विद्यालयों की क्या बात करें कि वहां के परीक्षार्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाओं में प्रश्नों के उत्तर की जगह क्या लिखते होंगे।
हालांकि रुपये जमा करने के लालच के चलते इसे कोई परीक्षक स्वीकार नहीं कर रहा है। शनिवार को जब तक इन कॉपियों से निकले रुपये परीक्षक अपनी जेब में रखते, उसके पहले ही अमर उजाला ने उसकी तस्वीर कैमरे में कैद कर ली, जो सच्चाई जानने के लिए काफी है।
उत्तर पुस्तिकाओं में रुपये के अलावा परीक्षकों को घर व परिवार की मजबूरियां व शादी टूट जाने की व्यथा लिखने के साथ ही परीक्षार्थियों ने कई लुभावने ऑफर भी दिए हैं। एक परीक्षार्थी ने अपना मोबाइल नंबर देकर परीक्षक को फोन कर मिलने पर सुविधाएं देने का भी ऑफर दे रखा है।
एक परीक्षार्थी ने अंग्रेजी की कॉपी में निवेदन किया है कि वह बहुत गरीब है और मां ने मजदूरी करके पढ़ाया है, यदि फेल हो गया तो मां पर क्या बीतेगी। इसी तरह एक उत्तर पुस्तिका में एक परीक्षार्थी ने उत्तीर्ण न होने पर शादी टूट जाने की भी बात कही है।