गोंडा। मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने शुक्रवार को अपने कार्यालय सभागार में मंडल के चारों जिलों के अफसरों के साथ विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने मंडल से कुपोषण को खत्म करने के लिए अभियान चलाने का फरमान अफसरों को दिया।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्टंटिंग (नाटापन) की दर अधिक हो, वहां आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही सैम (गंभीर कुपोषित) तथा मैम (मध्यम कुपोषित) बच्चों की पोषण स्थिति को बेहतर बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि कुपोषण की स्थिति को दूर करना सरकार की प्राथमिकता में है। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित निगरानी, पोषण पोटली वितरण, गृह भ्रमण और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से समन्वित प्रयास अनिवार्य है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिले में नियमित रूप से आईसीडीएस के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा कर कुपोषण की समस्या को दूर कर बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर पोषण दिलाना सुनिश्चित करें।
बैठक में डीएम गोंडा नेहा शर्मा, बहराइच मोनिका रानी, श्रावस्ती अजय कुमार द्विवेदी, बलरामपुर पवन अग्रवाल के साथ ही अन्य अधिकारी मौजूद रहे।