गोंडा। कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के संस्थापकीय प्रबंधकीय कॉलेज समेत 19 स्कूलों में कबाड़ वाहनों से विद्यार्थियों को ढोया जा रहा था। गाजियाबाद में हादसे में छात्र की मौत के बाद विभाग ने चेकिंग अभियान शुरू किया तो पाया कि 19 स्कूली वाहन 15 साल की मियाद पूरी होने के कारण कबाड़ हो चुुके हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने इन सभी 19 वाहनों का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिया है।
जिले के संभागीय परिवहन विभाग में स्कूलों की बसें व वैन मिलाकर 638 वाहनों का पंजीयन है। इनमें से अधिकांश बसों व वैन की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। यही नहीं स्कूल वैन अनफिट होने के साथ ही मानक भी पूरे नहीं कर रही हैं। जबकि स्क्रैप पॉलिसी लागू होने के बाद 15 साल की आयु पूरी कर चुके वाहनों को कबाड़ घोषित करने के आदेश हो चुके हैं। परिवहन विभाग की जांच में जनपद के 19 स्कूली वाहन कबाड़ पाए गये। इसके बाद भी इन्हीं बसों व वैन से छात्र-छात्राओं को ढोया जा रहा है। जिससे नौनिहालों की जान पर खतरा मंडराता है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन/प्रवर्तन बबिता वर्मा ने बताया कि 15 साल की मियाद पूरी कर चुके 19 स्कूली वाहनों से बच्चों को ढोया जा रहा था। चेकिंग अभियान में इसका खुलासा होने पर इन सभी 19 स्कूल वाहनों का पंजीयन निलबित कर दिया है। इन वाहनों के मालिकों को नोटिस भेजकर पंजीयन निरस्त करने के लिए वाहन की चेचिस का टुकड़ा व अन्य प्रपत्र तलब किए गये हैं। उन्हें हिदायत दी गई है कि अगर निलंबित वाहनों को प्रयोग सार्वजनिक स्थल पर किया जाता है तो वह उसके जिम्मेदार होंगे।
413 स्कूल वाहनों के मालिकों को नोटिस जारी
बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार के सख्त रवैये के बाद संभागीय परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब बिना फिटनेस के स्कूल वाहनों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी व यात्री कर अधिकारी चेकिंग के दौरान मानक पूरे न करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने जनपद के 413 स्कूल वाहनों के मालिकों को नोटिस भेजा है। जिसमें 15 बिंदुओं वाले मानक को पूरा करे बगैर स्कूल वाहनों के संचालन पर वाहनों के पंजीयन निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
इन स्कूलों के वाहनों का निलंबन हुआ पंजीयन
- नंदिनीनगर महाविद्यालय, नवाबगंज
- सेंट जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल, पंतनगर
- महर्षि विद्या मंदिर राधाकुंड जीवीएम इंटर कॉलेज
- माडर्न सिटी मांटेसरी स्कूल, विष्णुपुरी कॉलोनी, सिविल लाइंस
- श्रीराम पब्लिक स्कूल, पटेलनगर
- अलहुदा पब्लिक स्कूल, फैजाबाद रोड
- नेशनल ईदू एंड चैरिटेबुल ट्रस्ट, फैजाबाद रोड
- डीकेएस इंटर कॉलेज, कुड़ासन
- पीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल, परसपुर रोड, करनैलगंज
- नेशनल क्रिएटिव एकेडमी, आईटीआई चौराहा
- परशुराम बालिका इंटर कॉलेज, मनकापुर
- पीएन सिंह एंड वीपी सिंह एसएसपी समिति, सर्कुलर रोड
- तिलक विद्या मंदिर, बेलसर रोड
- सीडीएस इंटर कॉलेज, धुसवा अंधियारी मनकापुर
- यूनीक एकेडमी, चांदपुर बेलसर
- मालती शर्मा मेेमोरियल गर्ल्स स्कूल, मुंडेरकला
- दीनदयाल उपाध्याय एकेडमी, लखनऊ रोड करनैलगंज
- बीजीबी शिक्षण संस्थान, मसकनवा
- माडर्न कान्वेंट स्कूल, इटियाथोक