वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अधिकारियों संग एसपी ने की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। अयोध्या में चैत्र रामनवमी पर होने वाली भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शासन के अधिकारियों के समीक्षा के बाद एसपी ने यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चैत्र रामनवमी को लेकर अधिकारियों संग समीक्षा की गई। चैत्र रामनवमी पर 15 अप्रैल से भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया जाएगा। इसके लिए तीन रूट तय किए गए हैं। इनमें रूट-ए- से जो वाहन दर्जीकुआं से डायवर्ट किए जाएंगे, उन्हें झिलाही रेलवे क्राॅसिंग होते हुए मनकापुर-उतरौला रोड, डुमरियागंज होकर पास किया जाएगा। रूट-बी-से जो वाहन दर्जीकुआं से मोतीगंज-मनकापुर मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे उन्हें मोतीगंज, मनकापुर-मसकनवां बाजार, बभनान होकर जाएंगे।
रूट-सी-से जो वाहन दर्जीकुआं से मोतीगंज-मनकापुर मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे, उन्हें जरूरत पड़ने पर मनकापुर-कोल्हमपुर मार्ग होते हुए लोलपुर पुल के रास्ते बस्ती होते हुए निकाला जाएगा।
इसके अलावा गोंडा से नवाबगंज होकर अयोध्या, बस्ती, संतकबीर नगर, गोरखपुर, अंबेडकर नगर को जाने वाले भारी वाहनों को पुलिस चौकी दर्जीकुआं से ही मोतीगंज-मनकापुर मार्ग होते हुए पास किया जाएगा। जो वाहन दर्जीकुआं पुलिस चौकी व वजीरगंज होकर नवाबगंज पहुंचेंगे उन्हें कोल्ड स्टोरेज तिराहा नवाबगंज से ही तरबगंज-परसपुर-करनैलगंज होकर बाराबंकी के रास्ते भेजा जाएगा।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के वाहनों को अयोध्या, बस्ती व अंबेडकरनगर जाने वाले वाहनों को टिकरी मोड़ वजीरगंज से ही मनकापुर रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह बलरामपुर व श्रावस्ती से गोंडा के रास्ते अयोध्या जाने वाले वाहनों को उतरौला-मनकापुर के रास्ते कोल्हमपुर होते हुए लोलपुर के रास्ते निकाला जाएगा। इसके अलावा उतरौला-बलरामपुर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को जानकीनगर पुलिस चौकी थाना इटियाथोक से ही डायवर्ट कर आर्यनगर, कटरा बाजार व करनैलगंज होते हुए निकाला जाएगा।