गोंडा। कजरी तीज पर इस बार 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 12 सितंबर दोपहर 12 बजे से 15 सितंबर सुबह आठ बजे तक जिले में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान बड़गांव चौराहा, गुरु नानक चौराहा और अंबेडकर चौराहा से करनैलगंज जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। जनपद मुख्यालय में भारी मालवाहक वाहनों और ट्रकों के प्रवेश पर भी पूर्ण रोक रहेगी।
कजरी तीज 13 और 14 सितंबर को मनाई जाएगी। श्रद्धालु करनैलगंज के सरयू घाट से जल लेकर कटरा-कौड़िया मार्ग से पृथ्वीनाथ मंदिर और करनैलगंज-बालपुर मार्ग से दुखहरणनाथ मंदिर पहुंचेंगे। भीड़ के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं।
डीएम प्रियंका निरंजन ने लोगों, श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।