गोंडा। देहात कोतवाली क्षेत्र के बाबापुरवा ठोरहंस के रोशनी पांडेय हत्याकांड में सोशल मीडिया पर वायरल एक पत्र ने सनसनी फैला दी है। यह पत्र वारदात से पहले रोशनी द्वारा लिखा बताया जा रहा है, जिसमें उसने अपनी हत्या की आशंका जताई थी। साथ ही प्रेमी परमेश्वर पाठक के बयान का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी इस पत्र और वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।
वायरल पत्र में रोशनी ने लिखा है कि “मैं अपनी शादी अपने अनुसार करना चाहती हूं, लेकिन परिवार वाले सहमत नहीं हैं। पहले मान गए थे, पर बाद में बात बदल दी। मुझे शक है कि ये लोग शादी न करके मुझे और जिससे मैं शादी करना चाहती हूं, उसे मारने का प्लान बना रहे हैं। मेरी शादी से पहले मुझे कुछ हुआ तो जिम्मेदार घरवाले होंगे, इसमें मेरी मम्मी का कोई दोष नहीं है।” कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल पत्र संज्ञान में आया है। उसकी हैंडराइटिंग और तथ्यों की जांच कराई जा रही है।
प्रेमी परमेश्वर पाठक ने बताया कि घटना से पहले रोशनी ने उन्हें व्हाट्सएप पर पत्र भेजा था। उसमें लिखा था कि मुझे यहां से बुला लो, नहीं तो घर वाले मेरी हत्या कर देंगे। पहले भी मारने की कोशिश कर चुके हैं। परमेश्वर का कहना है कि उन्होंने कई बार रोशनी को समझाया, लेकिन वह परिवार के दबाव में थी।
ऐसे अंजाम दी गई वारदात
पुलिस के अनुसार रोशनी मनकापुर के बक्सरा आज्ञाराम पाठक पुरवा कुंजलपुर निवासी परमेश्वर पाठक से शादी करना चाहती थी। परिवार ने पहले रिश्ता तय किया, लेकिन युवक के सांवले रंग का हवाला देकर बाद में मना कर दिया। रोशनी अपने फैसले पर अडिग रही। 29 जनवरी को वह घर से निकलने की तैयारी में थी, तभी पिता चंद्र प्रकाश पांडेय और भाई राहुल ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि कमरे में तखत से हाथ बांधकर दुपट्टे से मुंह कसा गया और करंट लगाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रेमी की सूचना पर पुलिस ने जांच की तो हत्या की पुष्टि हुई। मामले में मुकदमा दर्ज कर पिता व भाई जेल भेजे जा चुके हैं।