गोंडा। जलवायु परिवर्तन का दुष्प्रभाव कम करने में सूक्ष्म सिंचाई की भूमिका अहम है। जल है तो कल है। हम सभी को सूक्ष्म सिंचाई का लाभ लेना चाहिए। यह प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत है। उद्यान विभाग से अनुदान पर उपलब्ध है। ये बात बृहस्पतिवार को एपी इंटर कॉलेज मनकापुर में सूक्ष्म सिंचाई विषय पर आयोजित निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं से जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा ने कही।
उप प्रधानाचार्य समीर सिंह ने कहा कि खेती में सबसे अधिक पानी का उपयोग होता है। इसलिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। पानी संस्थान के प्रतिनिधि राजीव मिश्र ने बताया कि जल संरक्षण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसमें माइक्रो एरीगेशन से सिंचाई का बड़ा लाभ है। जलवायु अनुकूलन खेती और सरकार की योजनाओं को लेकर जन जागरूकता के लिए पानी संस्थान सात ब्लॉकों और श्रावस्ती के एक ब्लॉक में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने सूक्ष्म सिंचाई के महत्व को समझा।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में रोशनी शुक्ला ने प्रथम, नवीन वर्मा ने द्वितीय और रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में लक्ष्मी ने प्रथम, अवधेश ने द्वितीय और ज्योति कसौंधन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में विपुल, राम विलास यादव, विनीत, ज्ञान प्रकाश, चंचल पांडेय, आदित्य, प्रभात, अनुविंद, शिवांगी, रीना सहित अन्य उपस्थित रहे।