गोंडा-उतरौला मार्ग की बदहाली को लेकर रविवार को देवरिया अलावल के ग्रामीण सड़क पर उतर आए। नाराज ग्रामीणों ने कस्बा बग्गीरोड में बेंच व बल्ली रखकर गोंडा-उतरौला मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने काफी मान मनौव्वल के बाद जाम खुलवाया।
इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बदहाली दूर न होने पर सड़क पर ईद मनाने का ऐलान किया है। गोंडा-उतरौला मार्ग की खस्ताहाल सड़क की हालत किसी से छुपी नहीं है। इस सड़क के निर्माण को लेकर धानेपुर कस्बे के लोग भी धरना प्रदर्शन कर चुके हैं।
बीते गुरुवार को जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व मेहनौन की सपा विधायक नंदिता शुक्ला ने धानेपुर ब्लॉक मे क्षेत्रीय लोगों से बात की थी। बैठक में देवरिया अलावल के ग्राम प्रधान मुस्तकीम खां ने बग्गीरोड बाजार में खराब सड़क को मरम्मत कराने की मांग की थी।
जिलाधिकारी ने तीन दिन के भीतर इस सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन डीएम के आदेश पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को देवरिया अलावल के नाराज ग्रामीण मुस्लिम पठान के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए और बग्गीरोड बाजार में उतरौला मार्ग जाम कर दिया।
मुस्लिम पठान ने बताया कि पूरे बग्गीरोड कस्बा समेत इटियाथोक जाने वाला मार्ग कीचड़ व जलभराव से पटा है। रमजान के पवित्र माह में रोजेदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने क्षेत्रीय सपा विधायक नंदिता शुक्ला के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ग्रामीणों के आक्रोश से गोंडा-उतरौला मार्ग करीब दो घंटे जाम रहा, जिससे तमाम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में करीब एक बजे धानेपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने डीएम तक उनकी बात पहुंचाने का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत कराया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि ईद से पहले सड़क की मरम्मत नहीं कराई जाती तो ईद सड़क पर मनाएंगे। प्रदर्शन में फस्सू खान, मोहम्मद नसीम, मैराज, अनस खां, फैयाज खां, सदरूद्दीन, मुजीब बाबा, नफीस उपस्थित रहे।