गोंडा। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल गुरु नानक चौराहे से बहराइच सड़क तक लगने वाले लंबे जाम से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डे की कार्यशाला को शहर से बाहर शिफ्ट करने की योजना तैयार की है। इसके लिए करीब पांच एकड़ जमीन का प्रस्ताव प्रशासन को भेजा गया है।
वर्तमान में रोडवेज बस अड्डे के परिसर के पीछे ही कार्यशाला संचालित हो रही है। जगह कम होने के कारण बसें परिसर के बाहर सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ती हैं। इससे गुरु नानक चौराहे से लेकर बहराइच सड़क तक अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
खासकर सुबह और शाम के समय यात्रियों, स्कूली वाहनों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कार्यशाला शहर के बाहर शिफ्ट होने से बस अड्डे के भीतर पर्याप्त जगह उपलब्ध हो जाएगी।
इसके बाद बसों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से परिसर के अंदर हो सकेगी और सड़क किनारे बसें खड़ी नहीं करनी पड़ेंगी। इससे यातायात सुचारु रहेगा और जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।