गोंडा। रोडवेज बस स्टेशन में तीन दिन पहले कैश रूम की रखवाली कर रहे गार्ड की पिटाई के विरोध में बृहस्पतिवार को कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर आवाज बुलंद की। अब तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने से नाराज रोडवेजकर्मियों ने 24 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर चक्काजाम करने का अल्टीमेटम दिया है।
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण भानु तिवारी ने कहा कि 24 फरवरी की रात करीब 11 बजे रोडवेज परिसर में कैश रूम के बगल सीढि़यों पर बैठकर बात कर रहे एक युवक को गार्ड ने वहां से जाने के लिए कहा तो युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर गार्ड की पिटाई कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया था। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान भी कर ली गई लेकिन अभी तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी की। अभियुक्ताें के गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है।
कर्मचारी नेता विजय प्रताप सिंह, रवींद्र कुमार दूबे ने कहा कि गार्ड पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी करने, रोडवेज बस स्टेशन से गुरुनानक चौक होते हुए पहले जैसे यातायात व्यवस्था शुरू कराने की मांग की गई है। इस दौरान केंद्र प्रभारी ज्योति, सुबोध चंद वाजपेई, पवन कुमार, सीबी सिंह, जितेंद्र मोदनवाल समेत काफी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।