गोंडा। जिले के गांवों के संपर्क मार्गों की हालत जल्द बदल जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से 74.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस रकम से जिले के 448 गांवों के संपर्क मार्ग बनेंगे। सामान्य मरम्मत के साथ ही नवीनीकरण किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा। वहीं, काम शुरू करने के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड से बभनगांव, तांबेपुर के साथ ही निर्माण खंड-दो के हाउसिंग कॉलोनी, पाल्हापुर संपर्क मार्ग और निर्माण खंड एक के खिराभा, गोविंद पारा और भदुवातरहर समेत कुल 448 सड़कों की सामान्य मरम्मत के साथ ही नवीनीकरण की स्वीकृति मिली है। कुल 530 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसमें करीब 74.59 करोड़ की लागत के सापेक्ष 14.91 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि सभी अधिशासी अभियंता को निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टेंडर आदि निर्माण के लिए सभी प्रक्रिया तय समय में पूरे किए जाएंगे।
इन कार्यों की मिली स्वीकृति
निर्माण खंड एक में 174 सड़कों की स्वीकृति मिली है। 223.125 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसमें 30.51 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। शासन स्तर से 6.10 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
निर्माण खंड दो में 127 सड़कों की स्वीकृति दी गई है। 170.710 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसमें 24.42 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 4.88 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
प्रांतीय खंड में 117 सड़क के सामान्य मरम्मत व नवीनीकरण की स्वीकृति मिली है। 136.750 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। 19.65 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 3.93 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।