गोंडा। बारिश के बाद गड्ढों में तब्दील सड़कों से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने ग्रामीण मार्गों को 15 नवंबर और अन्य जिला मार्गों को 15 अक्तूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए संबंधित खंडों को निर्देश जारी किए गए हैं।
बारिश के कारण जिले में कई सड़कों की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढों से आवागमन में परेशानी हो रही है। त्योहारों पर बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए विभाग ने मरम्मत कार्य पूरा कराने की तैयारी की है।
अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण मार्गों को 15 नवंबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य है। अन्य जिला मार्गों पर 15 अक्तूबर तक गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिमा विसर्जन से पहले भी सभी चिह्नित सड़कों के गड्ढे भरने के लिए कहा गया है। अब तय समय सीमा में सड़कों की मरम्मत पूरी कराने की जिम्मेदारी संबंधित खंडों की होगी।