फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व गन्ना पर्यवेक्षक का शव रखकर चौराहे पर लगाया जाम

विज्ञापन
फोटो-3-गोंडा में कौड़िया के घुचुवापुर चौराहे पर जाम लगाते लोग। -संवाद - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। कौड़िया थाना क्षेत्र घुचुवापुर से चार दिन पहले देररात अपहृत पूर्व गन्ना पर्यवेक्षक की हत्या कर शव को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया गया। शव बरामद होने के बाद नाराज ग्रामीणों ने घुचुवापुर चौराहे पर गुरुवार की दोपहर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके कई थानों की पुलिस के साथ अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। लगभग एक घंटे के प्रदर्शन के बाद सीओ करनैलगंज मुन्ना उपाध्याय व पूर्व प्रमुख बीनाराज मिश्रा के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
विज्ञापन

बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ककरहा रानियापुर गांव निवासी राम सेवक तिवारी गन्ना सहकारी विकास समिति मैजापुर में गन्ना पर्यवेक्षक थे। कौड़िया थाना क्षेत्र के घुचुवापुर कस्बे में उन्होंने एक आवास बना रखा था। जिसमें उनका बेटा प्रवीन कुमार तिवारी दुकान करता है। राम सेवक तिवारी दुकान की रखवाली के लिए हर रोज रात में दुकान पर सोने आते थे। 15 अगस्त की रात करीब दस बजे वह खाना खाने के बाद दुकान पर पहुंचे। वहां से रात 11 बजे बजे खेत देखने के लिए गए थे। जहां पर उनका बेटा खेत की रखवाली कर रहा था। वहां बेटे से दुकान पर जाने के लिए बताकर निकले थे। मगर वह दुकान पर नहीं पहुंचे।
प्रवीण कुमार तिवारी के मुताबिक उसके पिता के मोबाइल फोन से देर रात एक अनजान व्यक्ति ने कॉल करके बताया कि उसके पिता का अपहरण कर लिया है। पिता की रिहाई के बदले 11 लाख फिरौती मांगी। पुलिस की पड़ताल के दौरान 17 अगस्त की देरशाम सेवानिवृत्त गन्ना पर्यवेक्षक का शव खरगूपुर थाना क्षेत्र के फरेंदा शुक्ल गांव के समीप सरयू नहर में बोरे में उतराता पाया गया था।
विज्ञापन

हत्या का खुलासा न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार को घुचुवापुर चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। ग्रामीण प्रदर्शन करने लगे और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। लगभग एक घंटे के प्रदर्शन के बाद सीओ करनैलगंज मुन्ना उपाध्याय व पूर्व प्रमुख बीनाराज मिश्रा के हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कराने के आश्वासन पर ग्रामीण माने और प्रदर्शन समाप्त हुआ। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त करा दिया गया है। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें