फोटो-4 गोंडा के रुद्रपुर विसेन में बूस्टर डोज लगाती स्वास्थ्यकर्मी। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से 75 दिनों का विशेष अभियान चलाकर कोरोनारोधी वैक्सीन का बूस्टर डोज लगाया जाना था। वैक्सीन की दूसरी डोज लगवा चुके करीब 20.47 को बूस्टर डोज लगाए जाने के लिए चयनित किया गया, लेकिन वैक्सीन लगवाने में लोग रुचि नहीं ले रहे। अभियान के तहत अभी तक मात्र दो लाख 28 हजार लोगों को बूस्टर डोज की खुराक दिया जा सका है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को 75 दिनों में बूस्टर डोज का लक्ष्य पूरा करने में पसीना छूट सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के दावों के अनुसार, हर रोज करीब 120 शिविर आयोजित कर बूस्टर डोज लगाए जा रहे हैं, लेकिन गांवों में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं, जबकि जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। जिले में सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 35 तक पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने लोगों से कोरोनारोधी वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाने की अपील की है।
सीएमओ ने कहा कि कोरोना का संक्रमण फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने के साथ वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाना आवश्यक है। उन्होंने बाहर से आने वालों को कोरोना जांच अनिवार्य रुप से करवाने की अपील की। कहा कि यदि आपके आस-पड़ोस में कोई भी कोरोना संक्रमण के लक्षण से बीमार हो तो तत्काल इसकी सूचना स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर दें, ताकि समय से उसको आइसोलेट कर इलाज शुरू किया जा सके।
आठ लोग कोरोना संक्रमित मिले
शुक्रवार को हुई जांच में आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 35 हो गई है। शुक्रवार को जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर व रेलवे स्टेशन पर हुए एंटीजन जांच में आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। सक्रिय कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों पर स्वास्थ्य टीम की ओर से निगरानी की जा रही है। हर रोज फोन करने उनके स्वास्थ्य का हाल लिया जा रहा है। संवाद