पंचायत चुनाव में झंझरी ब्लॉक के ग्राम फिरोजपुर के ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 01 दिसंबर 2015 को कराए जा रहे मतदान के दौरान गांव के भरहापारा मतदान बूथ पर फर्जी वोटिंग को लेकर बवाल हो गया था। इस बवाल में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब कि गोली लगने से दो लोग घायल हो गये थे।
बूथ पर हुई हिंसा के बाद मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई थी। इस मामले में जिला प्रशासन ने इस बूथ के मतदान को रद्द कर दिया था। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने भरहापारा बूथ पर 05 दिसंबर 2015 को पुनर्मतदान कराने का पुन: आदेश जारी किया है।
इस बाबत जिला अधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि भरहापारा बूथ पर ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 05 दिसंबर को पुनर्मतदान में पूर्व निर्धारित समय के मुताबिक सुबह 07:00 से 04:30 बजे तक होगा। पुनर्मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं।
मतदान बूथ पर कोई भी प्रत्याशी या एजेंट मोबाइल फोन नही ले जा सकेगा। मतदान के लिए शुक्रवार की शाम को पोलिंग पार्टी को बूथ पर पहुंचा दिया गया है। बूथ पर पहले से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा बूथ पर एसएसबी के जवानों को लगाया गया है।