गोंडा। देवीपाटन मंडल के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश सरकार ने प्री-पेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था को समाप्त कर दिया है, जिससे अब उपभोक्ता पहले की तरह पोस्ट-पेड सिस्टम के तहत बिजली उपयोग कर सकेंगे और बाद में बिल का भुगतान करेंगे।
मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में कुल करीब 14.5 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 2.20 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 96 प्रतिशत यानी 2.11 लाख उपभोक्ता प्री-पेड व्यवस्था में शामिल थे। अब इस व्यवस्था के खत्म होने से उपभोक्ताओं को हर महीने मोबाइल संदेश के जरिये बिल की जानकारी मिलेगी और वे घर बैठे भुगतान कर सकेंगे।
पिछले कुछ समय से उपभोक्ताओं की ओर से स्मार्ट मीटर के तेज चलने और बार-बार रिचार्ज की अनिवार्यता को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं। कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन भी हुए थे। इन शिकायतों के मद्देनजर सरकार ने यह निर्णय लिया है।
देवीपाटन मंडल में सबसे अधिक लाभ गोंडा जिले के उपभोक्ताओं को मिलेगा। यहां 80,763 उपभोक्ता प्री-पेड स्मार्ट मीटर से जुड़े थे, जबकि बहराइच में 70,555 और बलरामपुर व श्रावस्ती मिलाकर 59,834 उपभोक्ता इस व्यवस्था में शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर सत्यापित किए जा चुके हैं। करीब 52,215 उपभोक्ता मोबाइल एप के माध्यम से अपने बिजली उपभोग की निगरानी भी कर रहे हैं।
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि शासन के निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन कराया जाएगा। नई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जाएगा।