कटरा बाजार/गोंडा। बुधवार को जिले में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहा। कटरा बाजार क्षेत्र में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, गोंडा शहर और कई अन्य इलाकों में बारिश न होने से दिनभर उमस भरी गर्मी ने परेशान किया।
चिपचिपी गर्मी और हवा की कम रफ्तार से उमस का असर बढ़ गया। पंखे और कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे पाए। बाजारों में लोग बार-बार पानी और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। कटरा बाजार में हुई बारिश के दौरान गोंडा-कटरा मार्ग पर रंजीतपुर के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे दोनों ओर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।
मार्ग बाधित होने से हुई परेशानी
क्षेत्र के हर्षित और सुमित ने बताया कि पेड़ गिरने के काफी देर बाद तक उसे हटाया नहीं जा सका। इससे मार्ग से गुजरने वाले लोगों को दिक्कत हुई। निरीक्षक अपराध मनोज पाठक ने जानकारी दी कि वन विभाग को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पेड़ हटवाकर आवागमन को सुचारु कराया जाएगा।
0 / 25,000