गोंडा। नगर क्षेत्र के रानी बाजार में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के कारण बुधवार को सील कर आवागमन बंद कर दिया गया। लोगों को घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस क्षेत्र में केवल दूध की दुकानें ही खुलेंगी। नगर मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी ने डीएम डॉ. नितिन बंसल के आदेश पर रानी बाजार को सील कराया।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि सील किए क्षेत्र में सुबह 6 बजे से 7 बजे व शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच पराग दुग्ध की ओर से दूध की आपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा सील किए गए एरिया में आवश्यक वस्तुओं जैसे राशन और सब्जी आदि की आपूर्ति मंडी व नगर पालिका के माध्यम से कराया जाएगी। डीएम ने सील किए गए एरिया के लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति यदि घर के बाहर घूमता हुआ पाया जाएगा तो उसके खिलाफ महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।