गोंडा। करनैलगंज नगर पालिका क्षेत्र के करुआ नचनी बजरंगनगर वार्ड निवासी रामप्यारी (65) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कान के पास गंभीर चोट से मौत की पुष्टि हुई है। बाईं कोहनी, घुटने समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें मिली हैं। सरयू घाट पर वृद्धा के अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने बयान दर्ज किया।
इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कान के पास की हड्डी टूटी मिली है। इसके साथ ही शरीर पर पांच जगह खरोंच के निशान मिले हैं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। रामप्यारी के बेटों के साथ ही घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजन टेंपो से एक निजी चिकित्सक के पास ले गए थे। संबंधित डॉक्टर का भी बयान दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वृद्धा की मौत लूट के इरादे से बदमाशों ने की या फिर किसी वाहन की चपेट में आने से मौत हुई, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी हत्या या हादसे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।