उमरीबेगमगंज (गोंडा)। अयोध्या की एसडीआरएफ टीम ने सोमवार को सोनौली मोहम्मदपुर में भिखारीपुर सकरौर तटबंध के पास सरयू नदी में रेस्क्यू अभियान चलाकर राजाबाबू (14) की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली। नदी में बढ़ते जलस्तर व पानी के बहाव के चलते किशोर का कहीं कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि छानबीन की जा रही है।
इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि रविवार को सोनौली मोहम्मदपुर चौलहनपुरवा निवासी राजाबाबू (14) को भैंस नहलाते समय मगरमच्छ नदी में खींच ले गया था। सोमवार को दूसरे दिन अयोध्या की एसडीआरएफ की टीम बुलाकर तलाश की गई। मगर राजाबाबू का कुछ पता नहीं चल सका। उन्होंने बताया कि लोगों से सावधान करने की अपील की गई है। उनका कहना है कि नदी में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। तेज बहाव के चलते तलाश में मुश्किल हो रही है। वहीं, मगरमच्छ के डर से गोताखोर भी तलाश नहीं कर रहे हैं।
देर शाम तक सफलता न मिलने पर मंगलवार को भी तलाश की जाएगी। इस दौरान नायब तहसीलदार जयशंकर सिंह, हल्का लेखपाल रामेश्वर तिवारी, ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह सहित पुलिस और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। पिता कुंवर बहादुर व मां लल्ला देवी बार-बार बेसुध हो रहे थे। किसी तरह से परिजनों व रिश्तेदारों उन्हें संभाला। ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह का कहना है कि मगरमच्छ न पकड़े जाने तक दहशत का माहौल है।