गोंडा। कुष्ठ रोगियों की पहचान व उपचार को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार को बहराइच रोड स्थित कुष्ठ सेवा आश्रम से स्पर्श जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को बीमारी के बारे में जानकारी दी तथा भ्रांतियों के बारे में समझाया।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा व सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। बस स्टॉप, एलबीएस चौराहा होते हुए रैली मेडिकल कॉलेज परिसर में समाप्त हुई। हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर चल रहे छात्र-छात्राओं ने आओ मिलकर जागरूकता फैलाएं, भ्रांतियों को दूर भगाएं। कुष्ठ प्रभावित कोई पीछे न छूट जाए आदि नारे लगाए। जिलाधिकारी ने दो मिनट मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा कुष्ठ सेवा का संकल्प लिया। डीएम ने कहा कि गांधी जी कुष्ठ के मरीजों से विशेष लगाव रखते थे। महात्मा गांधी ने कहा था कि कुष्ठ रोगियों से घृणा नहीं करनी चाहिए। उनके पास बैठकर संवेदना जताने से उन्हें आत्मबल मिलेगा।