गोंडा में प्राथमिक विद्यालय खरगूपुर में भरा बारिश का पानी।
- फोटो : GONDA
गोंडा। लगातार हो रही बरसात व पुलिया बंद होने के चलते कंपोजिट विद्यालय सहित दर्जनों ग्रामीणों के घरों में घुसा पानी। जिससे शिक्षकों और छात्रों को विद्यालय तक पहुंचने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने विभाग को लिखा पत्र तो ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल सहित विभागीय उच्च अधिकारियों से शिकायत की है।
रुपईडीह के ग्राम पंचायत भंगहा में प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक परिसर में स्थित है। जहां प्राथमिक में 169 व पूर्व माध्यमिक विद्यालय 85 सहित कुल 254 विद्यार्थी अंकित है। यहां कंपोजिट विद्यालय में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए चार शिक्षक व एक शिक्षिका तथा एक अनुचर कार्यरत हैं।
लगातार हो रही भारी बारिश के चलते विद्यालय परिसर सहित अर्जुन सिंह, मिश्री लाल, राम चरित्र, जगदीश, रविन्द्र, राम चंदर, जुगनू व बगहा मंदिर परिसर सहित दर्जनों ग्रामीणों के घरों में बरसात का पानी घुस गया है।
जिससे मकान गिरने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां खरगूपुर-वीरपुर मार्ग पर पूर्व में बना पुलिया अब बन्द हो चुका है।पहले इसी पुलिया से बरसात का पानी नाले में बह जाता था।
जिससे जल भराव नहीं होता था। जल भराव को लेकर कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र नाथ त्रिपाठी ने जल भराव की समस्या के निराकरण के लिए विभाग को पत्र लिखा है तो ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित विभागीय उच्च अधिकारियों को पत्र भेज कर बंद पुलिया साफ कराने की शिकायत की है।