गोंडा। रेलवे कर्मियों ने 12 सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को डीजल शेड से रैली निकाली और रेलवे स्टेेशन पहुंचकर प्रदर्शन किया। अंत में मांगों का ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार को सौंपा।
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर रेलवे में एनपीएस, निजीकरण, निगमीकरण, आउटसोर्सिंग व ठेकेदारी व्यवस्था के खिलाफ 16 से 19 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी विरोध पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी को लेकर एनई रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को डीजल शाखा, गोंडा के तत्वावधान में डीजल शेड के मुख्य द्वार से रैली निकाली। केंद्रीय संगठन मंत्री रामनगीना के नेतृत्व में रैली में केंद्र सरकार के दमनकारी नीतियों का जमकर विरोध किया।
रैली में रेल में निजीकरण नही चलेगा, रेल में ठेकेदारी नही चलेगा, रेल में आउटसोर्सिंग नहीं चलेगा, रेल में एनपीएस नही चलेगा जैसे नारे लगाए। अंत में मांगों का ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा गया। ज्ञापन देनें वालों में शाहिद अली, राम सिंह, विनोदकुमार श्रीवास्तव, देवेंद्रप्रताप,आर एस मिश्र, विनोदकुमार, सतीश कुमार आदि शामिल रहे।