ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों व प्लेटफार्मों पर होने वाली आपराधिक घटनाओं पर काबू पाने के लिए जीआरपी ने एक व्हाट्सअप नंबर जारी किया है। जिस पर अब से कोई भी रेलयात्री रेलवे परिसर व ट्रेनों में होने वाली आपराधिक घटनाओं की सूचना अपने एंड्राइड फोन से इस नंबर पर भेज सकता है।
जीआरपी गोरखपुर अनुभाग के एसपी सिद्धार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि व्हाट्सअप नंबर पर आने वाली शिकायतों पर जीआरपी अपने स्तर से त्वरित कार्रवाई करने के लिए बाध्य है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि व्हाट्सअप नंबर चालू होने से रेलवे में होने वाले अपराध काफी हद तक कम हो जाएंगे।
जीआरपी गोरखपुर अनुभाग से बुधवार को जारी किए गए व्हाट्अप नंबर को लेकर जीआरपी प्रभारी राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि अब से रेल से सफर करने वाला कोई भी यात्री व्हाट्सअप नंबर 9454404444 पर रेलवे में होने वाले किसी भी अपराध की सूचना भेज सकता है। जिस पर जीआरपी त्वरित कार्रवाई करेगी।
उनके मुताबिक व्हाट्सअप नंबर पर दर्ज कराई जाने वाली हरेक शिकायत का ब्यौरा हर मिनट चेक किया जाएगा और उस पर रोक लगाई जाएगी। व्हाट्सअप नंबर पर आने वाली शिकायतें पहले हजरतगंज लखनऊ स्थित हेडक्वार्टर आएंगी और इसके बाद जिस भी रीजन का मामला होगा, वहां उस शिकायत के निस्तारण के लिए पूरा मामला स्थानीय जीआरपी कोतवाली को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
शिकायत कैसी भी हो, इसका समाधान कर उसकी पूरी रिपोर्ट हैडक्वार्टर को उपलब्ध करानी होगी। रेलवे में क्राइम कंट्रोल के लिए जारी किए गए इस व्हाट्सअप नंबर के शुभारंभ मौके पर जीआरपी कोतवाली में कोतवाल ने एक बैठक की। जिसमें जीआरपी कंट्रोल रूम से मिलने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर उसके निस्तारण के लिए कोतवाल ने सभी को निर्देशित किया।