बाबागंज (गोंडा)। धानेपुर थाने की डायल 100 पुलिस ने थाना क्षेत्र के पूरे लदई गांव में बुधवार को अवैध शराब के खिलाफ छापेा मारकर पांच क्विंटल लहन को नष्ट कर दिया। पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले समाजसेवी कल्पनाथ सिंह ने बुधवार को दोपहर बाद यूपी डायल 100 को फोन पर बताया कि उनके गांव में अवैध रूप से शराब बनाने व बेचने का कारोबार कुछ लोग कर रहे हैं जिससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। सूचना पर धानेपुर थाना क्षेत्र की डायल 100 पुलिस टीम के साथ पहुंच कर छापा माराकर मौके पर मिले लहन को नष्ट कर दिया। पुलिस टीम के पहुंचते ही कारोबारी भाग खड़े हुए हालांकि कड़ी मशक्कत कर पुलिस ने बाग व झाड़ियों में छिपाकर रखे गए लहन को खोज निकाला और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
डायल 100 के सीपी डीएन सिंह ने बताया कि समाजसेवी कल्पनाथ सिंह की सूचना पर बुधवार को टीम के साथ पूरे लदई गांव में छापेमारी की गई है। इस दौरान मौके से मिले तकरीबन पांच क्विंटल लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान लोग भाग खड़े हुए जिससे कोई भी गिरफ्त में नहीं आ सका है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।