एलबीएस पीजी कॉलेज के विज्ञान परिसर में ग्राउंड को दुरुस्त करवाते क्रीड़ा समिति के लोग। -संवाद
गोंडा। एलबीएस पीजी कॉलेज में खेल हुआ न खिलाड़ी तैयार हो पाए। यह बात अलग रही कि सालभर बैठकें होती रहीं। कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता को एक बार फिर स्थगित करना पड़ा। अब ग्राउंड तैयार करने की कवायद शुरू की गई है।
एलबीएस पीजी कॉलेज में शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के करीब नौ हजार विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। खेलकूद के जरिए उनकी प्रतिभा में निखार के लिए प्रत्येक छात्र से दो-दो सौ रुपये शुल्क लिया जा रहा है। मगर, समुचित तैयारी न होने से चार व पांच मार्च को आयोजित होने वाली एलबीएस पीजी कॉलेज की खेलकूद की वार्षिक प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई। अगली तारीख तय नहीं की जा सकी है। जबकि खेलकूद गतिविधियों के नाम पर सालों-साल बैठकें की गईं। विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा निखारने के लिए दावे किए गए। प्रतियोगिता के समय हकीकत सामने आ गई। महाविद्यालय प्रबंध समिति की आपत्ति के बाद वार्षिक प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई। क्रीड़ा संयोजक डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि ग्राउंड ठीक कराया जा रहा है। ट्रैक बनाए जा रहे हैं।
एलबीएस पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आरके पांडेय ने बताया कि शैक्षणिक कार्य पहली प्राथमिकता है। जबकि खेल गतिविधियां द्वितीय प्राथमिकताओं में हैं। ग्राउंड को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही प्रतियोगिता की तिथि निर्धारित की जाएगी।
शिकायत के बाद सचिव देखी थी ग्राउंड की हालत
मामले को लेकर शिकायत के बाद महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव उमेश शाह ने ग्राउंड की हालत देखी तो वह ऊबड़-खाबड़ मिला। ऐसे में विद्यार्थियों के साथ कोई अनहोनी न हो, इसके लिए ग्राउंड ठीक होने तक प्रतियोगिता कराने पर आपत्ति दर्ज कराई।