गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली-सीतामढ़ी के बीच गोंडा के रास्ते साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दिल्ली से दो अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार और सीतामढ़ी से तीन अक्तूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को कुल नौ फेरों के लिए चलाई जाएगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली-सीतामढ़ी साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन (04010) दो अक्तूबर को रात 11:05 बजे दिल्ली से रवाना होकर सीतापुर होते हुए सुबह 11:10 बजे गोंडा पहुंचेगी। यहां से गोरखपुर होते हुए रात 10:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में सीतामढ़ी-दिल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन (04009) प्रत्येक शुक्रवार रात 11:55 बजे सीतामढ़ी से रवाना होकर दूसरे दिन सुबह 11:25 बजे गोंडा और फिर सीतापुर, बरेली होते हुए रात 11:58 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इस गाड़ी में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें एलएसएलआरडी का एक, साधारण द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान श्रेणी के छह, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के चार, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का एक तथा जेनरेटर सह लगेज यान का एक कोच शामिल है।