गोंडा। जिले में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन के बाद बूथों की संख्या 2,978 से घटकर 2,879 रह गई है। सोमवार को सातों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की अनंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई। सूची पर राजनीतिक दलों, मतदाताओं और अन्य संबंधित लोगों से आपत्ति व सुझाव मांगे गए हैं। सुझावों और शिकायतों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद झा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाताओं की संख्या के आधार पर बूथों का समायोजन किया गया है। जिन मतदेय स्थलों पर 500 से 550 मतदाता थे, उन्हें एक मतदेय स्थल में समाहित किया गया है। मतदाताओं की सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखकर भी बदलाव किए गए हैं।
मेहनौन, गोंडा, कटरा बाजार, करनैलगंज, तरबगंज, मनकापुर (अजा) और गौरा विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य सूची का प्रकाशन किया गया है। सूची का निरीक्षण संबंधित तहसील कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में निशुल्क किया जा सकता है। इसे जिले की वेबसाइट के डीईओ पोर्टल पर भी देखा जा सकता है।
यहां दर्ज कराएं आपत्ति और सुझाव
मतदेय स्थलों की अनंतिम सूची पर आपत्ति और सुझाव संबंधित तहसील के एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय में दिए जा सकते हैं। वर्तमान सांसदों, विधायकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक में प्राप्त सुझावों तथा शिकायतों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।