गोंडा के परसा गोड़री में मांगों लेकर धरना देते किसान।
- फोटो : GONDA
बालपुर (गोंडा)। विकास खंड हलधरमऊ के परसा गोंडरी शिवशंकर पुरवा में 13 वे दिन भी किसान अपनी जमीन का मुआवजा पाने के लिए परिवार सहित धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को किसानों के धरने की अगुवाई पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य केशव राम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की यह लड़ाई काफी दिन से चल रही है, लेकिन सरकार जमीन जबरदस्ती लेना चाहती है, जबकि परसा गोंडरी व ठकुरापुर के किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।
किसी को नये सर्किल रेट से मुआवजा देने की बात होती है और किसी को 2003 के सर्किल रेट से मुआवजा दिया जा रहा। सालपुर धौताल के प्रधान बेनी माधव सिंह ने बताया कि इस सर्द मौसम में किसान अपने खेत में खुले आसमान के नीचे बैठे है और पूरी रात अलाव के सहारे बैठे रहते है, लेकिन सरकार किसानों की समस्या पर गंभीर नहीं है।
डीएम से मिला किसानों का प्रतिनिधि मंडल
बालपुर। किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को जिला अधिकारी डॉ. नितिन बंसल से मुलाकात कर उन्हें अपने दस्तावेज से अवगत कराया। पूरे मामले की जानकारी देते हुए बतायाकि हम लोग 13 दिन से अपने परिवार के बच्चों और महिलाओं के साथ रात दिन अपने खेत में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।