किशोरी की हत्या समेत क्षेत्र की तीन आपराधिक वारदातों में कार्रवाई न होने से खफा आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कौड़िया पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कौड़िया बाजार में प्रदर्शन कर किशोरी के हत्या आरोपी की गिरफ्तारी कराने समेत आपराधिक वारदातों के खुलासे की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर पुलिस को सड़क जाम करने की चेतावनी दी है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के कौड़िया बाजार में दिनदहाड़े 16 अप्रैल को किशोरी की उसके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारा लोगों के सामने ही भाग निकला था।
इसी के बाद चूंटीपुर गांव के समीप एक महिला की हत्या कर शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया गया। यही नहीं रिश्तेदार मरीज को भोजन पहुंचाने के लिए कौड़िया रेलवे स्टेशन पहुंची एक महिला से बदमाशों ने गहने लूटने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
इन्हीं वारदातों के खुलासे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक दिग्गज पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कौड़िया बाजार में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एक सप्ताह के अंदर वारदातों का खुलासा न होने पर पुलिस को सड़क जाम करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर राकेश सिंह, वकील अहमद, अंजनी श्रीवास्तव, अभिषेक शंकर, राजकुमार, रजनीश सैनी, रणविजय आदि मौजूद रहे।