गोंडा। रसोइयाें का मानदेय बढ़ाने सहित अन्य 14 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को भाकपा माले के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। कहा कि लंबे समय से समस्याओं के निस्तारण की मांग की जा रही है लेकिन, अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं।
धरने पर बैठे सदस्यों ने कहा कि रसोइया कर्मचारियों पर दबाव बनाकर सफाईकर्मी जैसा कार्य लिया जा रहा है, जो एक तरह से उत्पीड़न है। इस व्यवस्था को बंद किया जाए। रसाइयों का मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। धानेपुर नगर पंचायत के विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जांच कराने, त्रिलोकपुर गांव में चकबंदी के दौरान बने चकों की संशोधन की पैमाइश कराने, पावर कारपोरेशन में खामियों को दुरुस्त कराने, श्रम विभाग में रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने, पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने की मांग की गई। धरने में जिला प्रभारी जमाल खां, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला संयोजक राजीव कुमार सिंह, सदानंद गिरि, कृष्ण नरायन वर्मा, मो. अहमद, सत्य नरायन वर्मा, मुश्ताक सहित अन्य शामिल रहे।