करनैलगंज। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा के विवादित बयान के विरोध में रविवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सीएचसी के सामने सीएमओ का पुतला फूंका और उन्हें हटाने की मांग की।
अवैध अस्पताल में दो नवजात बच्चों की मौत के मामले में शनिवार को सीएमओ का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कह रही हैं कि ‘एक बच्चा मर गया तो सब आ गए, हजारों बच्चे जिंदा हैं तो लड्डू खाने जाओ न...।’ इस बयान के विरोध में रविवार को हुजूरपुर मार्ग स्थित सीएचसी के सामने बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष अरविंद गिरी और नगर अध्यक्ष अर्चित पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएमओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर उनका पुतला फूंका। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा को तत्काल गोंडा से हटाने की मांग भी की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मासूमों की मौत पर इस तरह की गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान प्रेमचंद सोनी, शिवशंकर भट्ट, अशोक पुरवार, सनद तिवारी, मोहित, अरविंद आदि मौजूद रहे। (संवाद)