गोंडा। देवीपाटन मंडल में सोमवार को आयोजित बिजली विभाग के मेगा शिविरों में 1.21 करोड़ रुपये जमा करके 1830 विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराया गया। मंडल के चारों जिलों में 260 मेगा कैंप का आयोजन किया गया। स्मार्ट मीटर प्रीपेड होने के बावजूद बिजली कटने के डर से उपभोक्ता मेगा कैंपों में पहुंचकर बिल जमा करते दिखे।
सुबह करीब 11 बजे बड़गांव विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि एडवांस जमा होने के कारण उनका बिल जमा नहीं किया, बल्कि बिल के लिए इंतजार करने को कहा गया। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले को मिलाकर 260 मेगा कैंप आयोजित किए गए हैं। 1830 उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान हुआ। इन कैंपों से 1.21 करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई है। उपभोक्ता स्मार्ट मीटर और बिजली बिल संबंधी समस्याओं का हल पा रहे हैं। विद्युत भार वृद्धि और संयोजन विच्छेदन जैसी समस्याओं का भी समाधान करा सकते हैं। नए बिजली कनेक्शन के लिए भी अपडेट प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने उपभोक्ताओं से अपील की कि कार्यालयों की दौड़ लगाने के बजाय कैंपों का लाभ उठाए। किसी भी असुविधा के लिए उपभोक्ता देवीपाटन जोन के नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 8004916771 तथा 8004916772 पर कॉल कर सकते हैं।