गोंडा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में शहर के रोजवुड इंटर कॉलेज की छात्रा प्रिया तिवारी ने बॉयोलॉजी विषय में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता पाई है। प्रिया ने बताया कि उनकी सफलता का मुख्य कारण नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और विषय पर मजबूत पकड़ रही।
उन्होंने खास तौर पर बॉयोलॉजी पर फोकस किया, जिससे उन्हें यह उत्कृष्ट परिणाम मिला। उनका सपना कार्डियोलॉजिस्ट बनकर लोगों की सेवा करना है। जिले में हृदयरोग विशेषज्ञों की कमी की खबरें पढ़कर उन्हें यह लक्ष्य तय करने की प्रेरणा मिली। प्रिया नीट की तैयारी में जुटी हैं और लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं। प्रिया के पिता लालजी तिवारी निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मां पूजा तिवारी गृहिणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहाैल है। (संवाद)