फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: 426 निवेशकों का एक करोड़ लेकर निजी बैंक फरार

Wed, 09 Aug 2023 11:36 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। तरबगंज थाना क्षेत्र के रगड़गंज बाजार स्थित निजी बैंक में अपनी गाढ़ी कमाई जमा करने वाले 426 निवेशकों का एक करोड़ रुपये लेकर बैंक संचालक भाग गए। बुधवार को कुछ निवेशक रकम जमा करने पहुंचे तो बैंक में ताला लटकता मिला। निवेशकों ने बैंक के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया। आक्रोशित निवेशकों ने बैंक अभिकर्ता की बाइक छीन ली और पैसे न मिलने पर पिटाई की धमकी भी दी। अभिकर्ता ने बैंक संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ थाना तरबगंज में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

रगड़गंज कस्बे में तरबगंज-बेलसर मार्ग पर दस साल पहले एक निजी बैंक की शुरुआत हुई थी। क्षेत्र के लोगों का विश्वास जीतने के इरादे से बैंक भवन पर भारत सरकार की तरफ से मान्यता प्राप्त बैंक का बोर्ड लगाया गया था। निजी बैंक ने लोगों का पैसा निवेश कराने के लिए अभिकर्ताओं की नियुक्ति की थी। अभिकर्ता के माध्यम से बैंक में पैसा जमा होता रहा। निवेशकों को विश्वास में लेने के लिए पहले तो बैंक ने ब्याज के साथ रकम की वापसी भी की। इससे लोगों को विश्वास बढ़ता गया और क्षेत्र के 426 लोगों ने तकरीबन एक करोड़ रुपये निवेश किया।

बुधवार को कई खाताधारक पैसे जमा करने पहुंचे तो बैंक में ताला लटका मिला। अभिकर्ता राजबहादुर निवासी बेलसर से निवेशकों ने जानकारी की तो पता चला कि बैंक फरार हो गया। निवेशकों ने अभिकर्ता की बाइक छीन ली और प्रदर्शन कर विरोध जताया। अभिकर्ता राजबहादुर ने थाने पर बैंक संचालक मुकुंदनाथ, उपसंचालक रंजीत भारती और जहांगीर के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओें में केस दर्ज कराया है। तरबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
विज्ञापन

कस्बे के दवा व्यवसायी सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि उन्होंने 150 रुपये व 100 रुपये प्रतिदिन जमा करने के लिए दो खाते खोले थे। जिसका भुगतान 57,016 व 38,011 रुपये मार्च 2023 में होना था। भुगतान के लिए महीनों से बैंक के चक्कर लगा रहे थे। चांदपुर निवासी प्रवीन पांडेय ने बताया कि उन्होंने जो पैसा लगाया था उसका पिछले साल भुगतान मिल गया। मगर इस वर्ष का 19,020 रुपये जून 2023 में मिलना था। तब से बैंक के चक्कर काट रहे थे मगर बैंककर्मी टालमटोल कर रहे थे। अंकित शुक्ल निवासी सिंहपुर, रामबहादुर, मीना, मगनू, विनोद जायसवाल, रामकुमार, अभिषेक जायसवाल, दुर्गादीन, अनिल शुक्ल सहित 426 निवेशकों की गाढ़ी कमाई का करीब एक करोड़ रुपये लेकर बैंककर्मी फरार हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें