रगडग़ंज थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में समय से फीस जमा न होने पर भड़के प्रिंसिपल ने नर्सरी की पांच साल की मासूम छात्रा की छड़ी से बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान छात्रा की बांयी आंख छड़ी घुस गई, जिससे वह जख्मी हो गई। डॉक्टर ने छात्रा को लखनऊ रेफर किया है। छात्रा के पिता ने डीएम व बीएसए से शिकायत करने के साथ पुलिस को भी तहरीर दी है।
थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के उमरी पूरे जेठासी गांव के रहने वाले राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी पांच साल की बेटी सृष्टि स्वामी विवेकानंद कान्वेंट स्कूल, उमरी में नर्सरी की छात्रा है।
सोमवार को जब वह स्कूल पहुंची तो फीस जमा न होने से गुस्साए प्रिंसिपल राकेश सिंह ने उसकी छड़ी से पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान छड़ी सृष्टि की आंख में घुस गई जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई।
जिला अस्पताल ले जाया गया में चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के नेत्र विशेषज्ञ डॉ पीके गुप्ता ने बताया कि बच्ची की आंख में गहरी चोट लगी है।
छात्रा के पिता राघवेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी व बीएसए से शिकायत दर्ज कराते हुए थाना उमरी बेगमगंज में प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष उमेश कुमार वाजपेयी ने बताया कि प्रधानाचार्य राकेश सिंह से पूछताछ की जा रही है।
बीएसए अजय कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाचार्य राकेश सिंह का कहना है कि उन्होंने बच्ची पर बल का प्रयोग नहीं किया है। गलती से हाथ की छड़ी उसकी आंख पर लग गई है।