गोंडा। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से भीषण गर्मी से लोगों को राहत दिलाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार पिछली जुलाई महीने के अधिकतम खपत से 44 मिलियन यूनिट अधिक बिजली खपत हो सकती है। ऐसे में देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता की ओर से 14 मार्च तक ट्रांसफार्मर, विद्युत लाइनों समेत अन्य कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि पिछले तीन सालों में लगातार विद्युत खपत बढ़ती जा रही है। जहां वर्ष 2024 में जुलाई महीने की अधिकतम खपत 309 मिलियन यूनिट दर्ज की गई थी। वहीं, वर्ष 2025 में बढ़कर 356 मिलियन यूनिट हो गई। ऐसे में मौजूदा वर्ष में 400 मिलियन यूनिट बिजली खपत हो सकती है। गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिल सके, इसके लिए गोंडा, बहराइच और बलरामपुर के अधीक्षण अभियंताओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
15 फरवरी से 14 मार्च तक अनुरक्षण माह में सभी जरूरी कार्य पूरे किए जाएंगे। इसके बाद आपूर्ति के दिशा में जरूरी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में काम तेजी से चल रहा है। हालांकि लापरवाही बरतने वाले अवर अभियंताओं समेत अन्य को चिह्नित किया जा रहा है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी सुरक्षात्मक कार्य किए जाएंगे।