मोतीगंज। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले पारंपरिक मेले की तैयारियों का रविवार को अफसरों ने जायजा लिया। तिर्रे मनोरमा नदी के तट पर प्रतिवर्ष विशाल मेला लगता है। इंस्पेक्टर अरविंद यादव व लेखपाल जंग बहादुर ने रविवार को मेला स्थल, घाट और पोखरे का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि आगामी बुधवार को लगने वाले मेले के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मेला क्षेत्र को पांच सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। एक किलोमीटर पहले वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। गहरे पानी वाले स्थानों पर लाल झंडे लगाए जाएंगे। घाट पर खोया-पाया केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चार निरीक्षक, 20 दरोगा और 50 महिला व पुरुष आरक्षियों की मांग की गई है। सादे कपड़ों में भी महिला आरक्षियों की तैनाती की जाएगी। मेला स्थल की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अवधेश वर्मा को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। राजगढ़ निवासी अर्जुन वर्मा ने जिला प्रशासन से मेले में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक की तैनाती और पर्याप्त पुलिस बल की मांग की है।
सरयू तट पर उमड़ेंगे लाखों श्रद्धालु
करनैलगंज। आगामी पांच नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू तट के विभिन्न घाटों पर करीब पांच लाख श्रद्धालु स्नान कर मेले का आनंद लेंगे। एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा, सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। (संवाद)